अमूल्य विरासत
'विजय यात्रा' ब्लॉग का आरम्भ करते हुए मुझे अत्यंत हर्ष का अनुभव हो रहा है। इस यात्रा का आरम्भ प्रथम लेख से कर रही हूँ जिसका शीर्षक है -
अमूल्य विरासत
भगवद्गीता के दसवें अध्याय के बत्तीसवें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को बताते हैं -
सभी विद्याओं में अध्यात्म विद्या का स्थान सर्वोच्च है।
भारत ऋषियों, मनीषियों, सन्तों और आचार्यों की भूमि है जिन्होंने अपनी प्रज्ञा की बल पर अंतर व बाह्य (अध्यात्म व भौतिक ) का इतना सूक्ष्म अध्ययन किया कि वह अपने आप में अनुपम है, अद्वितीय है और भारत की भूमि पर ही सुलभ है। वेदों से लेकर गीता तक की सम्पूर्ण ज्ञान यात्रा इसका प्रमाण है। तप, ध्यान, ज्ञान, योग ,समाधि व भक्ति के बल पर अपने अनुभवों के आधार पर वे वहाँ तक पहुँचे जहां विज्ञान की तर्क शक्ति काम नहीं कर सकती, इसीलिए भक्ति और भावों की भूमि पर जन्मा, श्रद्धा और विश्वास की गोद में पला, ज्ञान और वैराग्य पर आधारित यह आध्यात्मिक ज्ञान तर्कशास्त्रियों को चमत्कार लगा, अविश्वसनीय लगा। वास्तव में आध्यात्म की दृष्टि, विज्ञान की दृष्टि से अधिक गहरी व सूक्ष्म है। जो दिखाई दे रहा है वही सत्य नहीं है, जिसके कारण दिखाई दे रहा है वास्तव में वही परम सत्य है। कार्य-कारण का सम्बन्ध वैज्ञानिक है यही सम्बन्ध अध्यात्म में भी है इसलिए अध्यात्म विज्ञान को नकारता नहीं है। यह विज्ञान से एक कदम आगे है जहां सांसारिक बुद्धि व इंद्रियों की पहुँच नहीं है। भारत में जन्म लेकर अध्यात्म से दूरी बनाए रखना यह व्यक्ति का दुर्भाग्य ही होगा।
सांसारिक बुद्धि में तो संसार को ही देखने की क्षमता होगी, उस विराट, अनन्त, अच्युत को देखने के लिए तो दिव्य दृष्टि व सूक्ष्म बुद्धि विकसित करनी पड़ेगी। ऐसी दिव्य दृष्टि व विद्या मात्र भारत के पास है। यही भारत की विशेष धरोहर है, अमूल्य विरासत है। अध्यात्म में ही वह विशेष ज्ञान उपलब्ध है जहां से विज्ञान का भी जन्म होता है। शरीर-आत्मा के भेद को समझना, परा-अपरा शक्ति को जानना, प्रेय-श्रेय को पहचानना और अविद्या से मुक्त होकर विराट सत्ता का हिस्सा बनना, यह अवसर भारत की आध्यात्मिक शिक्षा से ही मिल सकता है। हमें बस विश्वास करना होगा, श्रद्धा रखनी होगी, एक चित होकर समर्पण करना होगा और उसके बाद जो एक-एक रहस्य हमारे सामने खुलने लगेगा वो हमें रोमांचित करने वाला होगा। हमारे मुख से हर बार यही निकलेगा, ओह ! मैं किस अंधकार में जी रहा था। मानव जीवन इतना सुंदर, परम सत्ता इतनी शक्तिशाली, मुझसे इतना प्रेम, मैं इसी का अंश मात्र और अज्ञान के कारण इतने दिन इस अलौकिक, दिव्य, अनन्त, अखंड रस से वंचित रहा। यह मेरा दुर्भाग्य ही है कि मानव के रूप में श्रेष्ठ जीवन पाकर भी मानव की सर्वश्रेष्ठ स्थिति व आनंद की विद्या न जान पाया मात्र अस्थायी, स्थूल, भौतिक विषय-वासनाओं की निम्न व तुच्छ इच्छाओं की पूर्ति में पशुवत् लगा रहा।
आनंद -प्रेम-मस्ती के अथाह सागर का परिचय न होने पर मानव जीवन अपनी वास्तविक मंज़िल पर पहुँचे बिना ही संसार से चला जाए यह उसके जीवन की सबसे बड़ी असफलता है। भारत की आध्यात्मिक विद्या हमें सफल जीवन का मार्ग दिखाती है, मार्ग ही नहीं दिखाती अपितु हाथ पकड़ कर ले जाती है, मार्ग में आने वाले भटकावों से भी बचाती है। इस मार्ग पर चलने की दृढ़ इच्छा शक्ति ही इसकी पहली शर्त है, धैर्य और विश्वास ही लक्ष्य तक पहुँचाने की गारंटी(आश्वासन) है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें